ये हैं आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले पांच बल्लेबाज, जानें कितने भारतीय इस लिस्ट में हैं शामिल





आईपीएल जैसे फटाफट खेल के प्रारूप में रनों की बारिश आम बात है। कब कौन सा बल्लेबाज अपने बल्ले से रन उगलने लगे इसका कोई अंदाजा नहीं है। बदलते खेल के प्रारूप ने बहुत कुछ बदल दिया। कई क्रिकेटरों की किस्मत आईपीएल की वजह से चमकी तो वहीं कई प्रतिभाओं के इस मेले में खो से गए ।

 लेकिन आज हम आपको उन पांच चुनिंदा क्रिकेटरों के बारे में बताने जा रहे हैं। जिनके नाम आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। खास बात ये कि इनमें से चार नाम भारतीय खिलाड़ियों के हैं।


सुरेश रैना




भारतीय क्रिकेट टीम के उम्दा खिलाड़ी सुरेश रैना की टीम में वापसी लगभग एक साल बाद हुई है। लेकिन इन सबके बावजूद आईपीएल में वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पहले स्थान पर काबिज हैं। सुरेश रैना आईपीएल के पिछले दस सीजन खेल चुके हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात लायंस की टीम से खेलते हुए रैना ने आईपीएल के 161 मैचों की 157 पारियां खेली हैं।

इस दौरान रैना 34.13 की औसत से 4540 रन बनाए। रैना आईपीएल में अभी तक 31 अर्धशतक और 1 शतक लगा चुके हैं। वहीं 402 चौके और 173 छक्के भी जड़े। इस दौरान रैना का सर्वाधिक स्कोर 100 और स्ट्राइक रेट 139.09 रहा। 

विराट कोहली




भारतीय कप्तान विराट कोहली ने आईपीएल के सभी दस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की तरफ से खेले हैं। कोहली ने आईपीएल के 149 मैचों की 141 पारियों में 37.44 की औसत से 4418 रन बनाए हैं। इस दौरान कोहली ने 4 शतक और 30 अर्धशतक भी लगाए। कोहली का आईपीएल में सर्वाधिक स्कोर 113 रन है।वहीं कोहली आईपीएल में 382 चौके और 160 छक्के भी जड़ चुके हैं।

रोहित शर्मा




मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा ने आईपीएल के पिछले 10 सीजन मुंबई इंडियंस और डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद की तरफ से खेले। इस दौरान रोहित के बल्ले से 32.61 की औसत से आईपीएल के 159 मैचो की 154 पारियों 4207 रन निकले। 

रोहित शर्मा आईपीएल में 1 शतक और 32 अर्धशतक लगा चुके हैं। इस दौरान इनका सर्वाधिक स्कोर 109 रन है। आईपीएल में रोहित शर्मा ने 354 चौके और 172 छक्के लगाए हैं।

गौतम गंभीर




कोलकाता नाईटराइडर्स के पूर्व कप्तान गौतम गंभीर की आईपीएल में व्यक्तिगत रूप से सर्वाधिक रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। गौतम गंभीर ने दिल्ली डेयरडेविल्स और कोलकाता नाईटराइडर्स दोनों ही टीमों को मिलाकर आईपीएल के दस सीजन खेल चुके हैं।

 पिछले सात साल से गंभीर कोलकाता के कप्तान भी रह चुके हैं। गंभीर ने आईपीएल के 148 मैचों की 147 पारियां खेली,जिसमे उन्होंने 31.78 की औसत से 4132 रन बनाए। गंभीर के नाम आईपीएल में 35 अर्धशतक दर्ज हैं। गंभीर का आईपीएल में सर्वाधिक स्कोर 93 रन हैं। वहीं गंभीर ने पिछले दस सीजन में 483 चौके और 58 छक्के भी लगाए। इस आईपीएल में वो दिल्ली की कप्तानी करते नजर आएंगे।

डेविड वार्नर




ऑस्ट्रेलिया के उम्दा बल्लेबाज डेविड वॉर्नर आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पांचवें स्थान पर हैं। डेविड वार्नर दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेल चुके हैं। वार्नर ने आईपीएल के 9 सीजन खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 114 मैचों में 40.54 की औसत से 4014 रन बनाए। वहीं 126 रन सर्वाधिक स्कोर रहा। अभी तक आईपीएल में वार्नर ने 401 चौके और 160 छक्के जड़ चुके हैं। आईपीएल में वार्नर के नाम 3 शतक और 36 अर्धशतक दर्ज हैं।

Comments